अंकिता भंडारी केस फिर गरमाया, माता-पिता पहुंचे राजपुर थाना; निजी चैट सार्वजनिक करने वालों पर कार्रवाई की मांग
उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर एक बार फिर विवाद तेज हो गया है। दिवंगत अंकिता के माता-पिता एक्टिविस्ट योगिता भयाना के साथ देहरादून के राजपुर थाने पहुंचे। यहां उन्होंने अंकिता की निजी चैट सार्वजनिक किए जाने के मामले में एफआईआर दर्ज करने और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
इस दौरान अंकिता की मां ने विनोद आर्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहीं, अंकिता के पिता ने भावुक सवाल उठाते हुए कहा कि दुनिया से जा चुकी उनकी बेटी का आखिर क्यों चरित्रहनन किया जा रहा है?
वहीं, एक्टिविस्ट योगिता भयाना ने आरोप लगाया कि अंकिता की निजी चैट को तोड़-मरोड़कर सार्वजनिक किया जा रहा है। उन्होंने कथित वीआईपी को बचाने की कोशिश किए जाने के भी आरोप लगाए।
अंकिता के माता-पिता का कहना है कि उनकी बेटी से जुड़े निजी मामलों को इस तरह सार्वजनिक करना बेहद गंभीर विषय है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर एक बार फिर उठे इन सवालों के बाद उत्तराखंड में मामला चर्चा का विषय बन गया है। अब सबकी नजर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है।










