उत्तराखंड में बदला मौसम, बारिश के बाद बढ़ी ठंड; 12 अक्टूबर तक तेज बारिश का अनुमान
उत्तराखंड में मौसम ने करवट बदल ली है। दोपहर तक धूप खिलने के बाद देहरादून समेत कई इलाकों में अचानक मौसम बदला और झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश के साथ तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के तेज दौर देखने को मिल सकते हैं। इसका असर मैदानी इलाकों के तापमान पर भी दिखाई देगा। बारिश के बाद मौसम में ठंडक बढ़ने से अक्टूबर में ही लोगों को ठंड का ज्यादा अहसास होने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक 12 अक्टूबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश की तीव्रता अधिक रहने की संभावना है। ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश के साथ ठंड तेजी से बढ़ सकती है।
मंगलवार को भी दोपहर बाद उत्तराखंड के अधिकतर हिस्सों में तेज बारिश हुई। देहरादून में बारिश के बावजूद अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य के आसपास रहा।
वहीं, सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक सहस्रधारा में सबसे ज्यादा 47.5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम के इस बदलाव के बाद अब प्रदेश में ठंड के जल्द बढ़ने के संकेत दिखाई दे रहे हैं।










