मां को अंतिम विदाई देते वक्त भावुक हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ! खुद कंधा देकर निकाली मां की अर्थी, अंतिम दर्शन के दौरान छलक पड़े आंसू… पंचूर गांव से हरिद्वार के चंडी घाट के लिए रवाना हुई अंतिम यात्रा।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए आज का दिन बेहद भावुक कर देने वाला है। जिस मां की ममता और आशीर्वाद ने उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की ताकत दी, आज उसी मां को अंतिम विदाई देते वक्त मुख्यमंत्री अपने आंसू नहीं रोक पाए।
उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित पैतृक गांव पंचूर में शनिवार सुबह मां सावित्री देवी की अंतिम विदाई के दौरान योगी आदित्यनाथ भावुक नजर आए। उन्होंने मां के पार्थिव शरीर को कंधा दिया और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मां के अंतिम दर्शन करते हुए वह कुछ देर तक उनके पास खड़े रहे और एकटक निहारते रहे।
बता दें कि 89 वर्षीय सावित्री देवी का शुक्रवार सुबह निधन हो गया था। उन्होंने अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली थी।
मां के निधन की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पंचूर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वह रातभर मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे। इस दौरान उन्होंने अन्न-जल भी ग्रहण नहीं किया और परिजनों से मां के अंतिम समय के बारे में जानकारी लेते रहे।
शनिवार सुबह मां की अर्थी को कंधा देकर योगी आदित्यनाथ अंतिम यात्रा में शामिल हुए। पंचूर गांव से अंतिम यात्रा हरिद्वार के चंडी घाट के लिए रवाना हो गई है, जहां आज उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
इस दुखद घड़ी में परिवार के सदस्य और करीबी लोग मौजूद हैं। अंतिम संस्कार में उत्तर प्रदेश सरकार के कई मंत्रियों के शामिल होने की भी संभावना है।
मां के जाने का दुख कितना गहरा होता है, यह आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भावुक तस्वीरों में साफ नजर आया।











