गंगोत्री-गोमुख ट्रैक पर सुरक्षा सख्त, हर यात्री का दर्ज होगा पूरा विवरण
उत्तरकाशी: गंगोत्री धाम और गोमुख ट्रैक पर बढ़ती आवाजाही को देखते हुए पुलिस ने यात्रियों की सुरक्षा और आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारियां तेज कर दी हैं। अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन ने गंगोत्री से गोमुख तक सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और दुर्गम ट्रैक पर आवाजाही करने वाले प्रत्येक यात्री का पूरा विवरण दर्ज करने के निर्देश दिए।
गोमुख ट्रैक स्थित भोजवासा पुलिस चौकी के निरीक्षण के दौरान एडीजी ने कहा कि किसी यात्री के लापता होने, दुर्घटना, संदिग्ध गतिविधि या अन्य आपात स्थिति की सूचना मिलते ही संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने दुर्गम और विषम भौगोलिक परिस्थितियों में तैनात पुलिस जवानों की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। जवानों की समस्याएं सुनीं, उनका मनोबल बढ़ाया और हर परिस्थिति में पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए।
गंगोत्री धाम में भीड़ और यातायात प्रबंधन की समीक्षा करते हुए एडीजी ने सीसीटीवी और ड्रोन के जरिए निगरानी बढ़ाने को कहा। साथ ही, भीड़ बढ़ने की स्थिति में यातायात डायवर्जन की व्यवस्था पहले से तैयार रखने के निर्देश दिए।
एडीजी ने नदी घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने और श्रद्धालुओं के साथ संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने पर भी जोर दिया।
इस दौरान सीओ उत्तरकाशी जनक सिंह पंवार और प्रभारी निरीक्षक हर्षिल प्रदीप तोमर समेत पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।










