देहरादून में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, घर में घुसकर दंपती और नौकरानी की हत्या
राजधानी देहरादून में आज एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। रायपुर क्षेत्र की विष्णुलोक कॉलोनी में बदमाशों ने घर में घुसकर तीन लोगों की हत्या कर दी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बदमाश लूट के इरादे से घर में दाखिल हुए थे।
बताया जा रहा है कि तपोवन रोड स्थित घर में दंपती और उनकी नौकरानी मौजूद थीं। इसी दौरान बदमाशों ने कथित तौर पर पेचकस से तीनों पर हमला कर दिया, जिसमें उनकी मौत हो गई। दंपती के बच्चे बाहर रहते हैं और घटना के वक्त घर में केवल यही तीन लोग मौजूद थे।
मृतकों की पहचान रमेश कपूर, उनकी पत्नी रजनी कपूर, निवासी देहरादून और शीला, निवासी दरभंगा, बिहार के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर कोरोनेशन अस्पताल भेज दिया है। वारदात के पीछे लूट की वजह बताई जा रही है, हालांकि पुलिस की जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ होगी।










