गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती पर उत्तराखंड पहुंचेगी समरसता यात्रा, धनौरी में होगी विशाल जनसभा
उत्तराखंड में देखिए क्या होने जा रहा है! संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर निकाली जा रही अखिल भारतीय समरसता यात्रा 24 नवंबर को देवभूमि उत्तराखंड पहुंचेगी। यात्रा के स्वागत को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस दौरान प्रदेश के कई प्रमुख शहरों से यात्रा गुजरेगी और जगह-जगह इसका भव्य स्वागत किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, यात्रा का उत्तराखंड में प्रवेश विकासनगर के कुल्हाल गेट से होगा। इसके बाद यात्रा हरबर्टपुर, सहसपुर, सेलाकुई, झाझरा और प्रेमनगर होते हुए देहरादून पहुंचेगी। यहां से माजरी ग्रांट, हर्रावाला, नेपाली फार्म, ऋषिकेश और हरिद्वार होते हुए यात्रा रुड़की के धनौरी पहुंचेगी। जहां एक विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा।
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बलवीर घुनियाल ने बताया कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य गुरु रविदास जी के समानता, भाईचारे और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
धनौरी में आयोजित होने वाली जनसभा में पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य, अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवेश कुमार राम और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत कई मंत्री, विधायक और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
बलवीर घुनियाल ने प्रदेशवासियों से यात्रा का स्वागत करने और संत गुरु रविदास जी के विचारों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की है।












