पिथौरागढ़ में 40.78 ग्राम स्मैक के साथ युवक और सैनिक की पत्नी गिरफ्तार, कार के डैशबोर्ड में छिपाकर ला रहे थे नशे की खेप
पिथौरागढ़ जिले में पुलिस और एसओजी ने स्मैक तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 40.78 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक और महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों मैदानी क्षेत्र से स्मैक खरीदकर पिथौरागढ़ ला रहे थे।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस और एसओजी की टीम ने टनकपुर-पिथौरागढ़ हाईवे पर घाट चौकी के पास चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान टीम ने एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, कार चालक युवक नीचे उतरकर भागने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
कार की तलाशी लेने पर उसमें एक महिला सवार मिली और डैशबोर्ड से 40.78 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक की पहचान पिथौरागढ़ नगर के पूल्ड आवास, टकाना निवासी 31 वर्षीय हिमांशु जोशी उर्फ हेम के रूप में हुई है, जबकि महिला की पहचान 35 वर्षीय ज्योत्सना खाती उर्फ ज्योति, निवासी मदली तल्ली, चंपावत के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि दोनों यूएसनगर के झनकट से स्मैक खरीदकर ला रहे थे। आरोप है कि वे खुद नशे का सेवन करने के साथ-साथ स्मैक को युवाओं को ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी में थे। पुलिस के मुताबिक, दोनों लंबे समय से मैदानी क्षेत्रों में जाकर एक साथ होटल में ठहरते और स्मैक की खरीद-फरोख्त करते थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि स्मैक आखिर किससे खरीदी गई थी और इसे आगे किन लोगों को बेचने की योजना थी। जांच आगे बढ़ने के साथ इस तस्करी की पूरी चेन में शामिल अन्य लोगों के नाम भी सामने आने की संभावना है।









