देहरादून : श्री गुरु राम राय पी.जी. कॉलेज (SGRR PG College) के प्रतिभाशाली छात्रों ने प्रतिष्ठित युवा हैकाथॉन उत्तराखंड-2026 में प्रथम स्थान प्राप्त करके संस्थान का नाम पूरे राज्य में रोशन कर दिया है। यह उपलब्धि न केवल छात्रों की तकनीकी क्षमता और नवाचार की भावना को दर्शाती है, बल्कि उत्तराखंड की उच्च शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता का भी प्रमाण है।
श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के माननीय प्रेसिडेंट श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने विजेता छात्रों को बधाई देते हुए कहा, “यह सफलता छात्रों की कड़ी मेहनत, रचनात्मक सोच और संस्थान द्वारा उपलब्ध कराए गए उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण का परिणाम है। मैं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं और आशा करता हूं कि वे आगे भी ऐसे ही कीर्तिमान स्थापित करते रहेंगे।”
पी.जी. पाठ्यक्रमों में 50% फीस छूट का ऐतिहासिक निर्णय
विजय की इस खुशी को और बढ़ाते हुए विश्वविद्यालय प्रबंधन ने एक छात्रहितैषी पहल की घोषणा की है। छात्रसंघ अध्यक्ष श्री बलबीर कुँवर के आग्रह पर श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय ने पी.जी. पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले SGRR PG College के स्नातक छात्र-छात्राओं को शैक्षणिक शुल्क में 50 प्रतिशत छूट/स्कॉलरशिप देने का निर्णय लिया है।

इस घोषणा से कॉलेज परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई है। छात्रों का कहना है कि यह छूट उच्च शिक्षा प्राप्त करने की उनकी आर्थिक बाधाओं को दूर करेगी और उन्हें बिना किसी चिंता के अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने का अवसर प्रदान करेगी
SGRR PG College की बहुआयामी उपलब्धियां
श्री गुरु राम राय पी.जी. कॉलेज केवल अकादमिक क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों, विज्ञान प्रतियोगिताओं, NCC, NSS और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में भी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है। कॉलेज के छात्र राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के विभिन्न मंचों पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान दे रहे हैं।
छात्रसंघ अध्यक्ष बलबीर कुँवर की सराहनीय पहल
वर्तमान छात्रसंघ अध्यक्ष बलबीर कुँवर छात्र हितों के प्रति अपनी सक्रिय भूमिका के लिए जाने जाते हैं। उनके निरंतर प्रयासों से कॉलेज में कई विकास कार्य पूरे हो चुके हैं, जिनमें नए पुस्तकालय का निर्माण, कैंटीन का आधुनिकीकरण, प्रिंसिपल कार्यालय, लेखा विभाग और छात्रसंघ कार्यालय का जीर्णोद्धार शामिल है। साथ ही खेल मैदान के सौंदर्यीकरण और विकास का कार्य तेजी से चल रहा है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।









