हरिद्वार में दर्दनाक हादसा, बस की टक्कर से एयरफोर्स जवान की मौत, साथी गंभीर घायल
हरिद्वार के कनखल कोतवाली क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बस की टक्कर लगने से भारतीय वायुसेना के एक जवान की मौत हो गई, जबकि उनका साथी अमित गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, दोनों गंगा स्नान के लिए हरिद्वार आए थे और हाईवे पर बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक बस ने दोनों को टक्कर मार दी।
हादसे में योगेश जादौन निवासी जेवर, गौतमबुद्धनगर, उत्तर प्रदेश की मौत हो गई। योगेश भारतीय वायुसेना के ग्वालियर स्टेशन में तैनात थे। वहीं, उनके साथी अमित को गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर है।










