देहरादून के दून अस्पताल की इमरजेंसी में बवाल! दो पक्षों में जमकर मारपीट, धारदार हथियार लहराने से मची अफरातफरी
राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की इमरजेंसी में शुक्रवार सुबह मेडिकल परीक्षण के दौरान दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और हंगामा हो गया। इस दौरान धारदार हथियार लहराए जाने की बात सामने आने से अस्पताल परिसर में अफरातफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मेडिकल परीक्षण के दौरान दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। हंगामे के बीच धारदार हथियार लहराए जाने से इमरजेंसी में मौजूद मरीजों और उनके तीमारदारों में दहशत फैल गई।
मरीजों की सुरक्षा को देखते हुए अस्पताल प्रशासन को इमरजेंसी का मुख्य गेट कुछ देर के लिए बंद करना पड़ा। इससे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचे मरीजों और उनके तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
अस्पताल की इमरजेंसी जैसे संवेदनशील स्थान पर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सवाल यह है कि जहां मरीज इलाज और सुरक्षा की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं, वहां इस तरह का हंगामा कैसे हो गया?











