श्रीनगर में गुलदार का जानलेवा हमला! घास लेने जंगल गई 48 वर्षीय महिला की मौत, गांव में दहशत
उत्तराखंड के श्रीनगर से करीब नौ किलोमीटर दूर खंडाह के समीप बछेली ग्रामसभा के तरुली गांव में गुलदार के हमले में 48 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में गुलदार की सक्रियता को लेकर डर बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब चार बजे तरुली गांव निवासी बीना देवी घास लेने के लिए जंगल गई थीं। इसी दौरान गुलदार ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि साथ मौजूद महिलाओं ने शोर मचाया, जिसके बाद गुलदार शव को कुछ दूरी पर छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और देर शाम शव को अपने कब्जे में लिया। इस घटना के बाद ग्रामीणों में भय और चिंता का माहौल है। वहीं, देर शाम तक वन विभाग की टीम के मौके पर नहीं पहुंचने की बात भी सामने आई है।
अब ग्रामीणों ने क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता को लेकर चिंता जताई है और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वन विभाग से आवश्यक कदम उठाने की अपेक्षा की जा रही है।










